Marwar News!
Tuesday, July 01, 2008 19:07 [IST]
नई दिल्ली. चुनावी चर्चाओं के बीच केंद्र की यूपीए सरकार अपने साढ़े चार साल के कार्यकाल की उपलब्धियों को विस्तार से गिनाने के लिए एक पुस्तक जारी करेगी। उधर, रेल मंत्रालय भी अपनी उपलब्धियों पर अलग से एक पुस्तक जारी करेगा। यह जानकारी मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने दी है।
यूपीए की ओर से जारी होने वाली पुस्तक में सर्वशिक्षा अभियान, मध्याह्न् भोजन योजना, अल्पसंख्यकों के कल्याण के लिए प्रधानमंत्री का नया 15 सूत्रीय कार्यक्रम, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना और एकीकृत बाल विकास कार्यक्रम भी शामिल हैं।
रेलवे की अलग किताब :
रेल मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक रेलवे की पुस्तक आम यात्रियों के लिए उपलब्ध कराई गई सुविधाओं, ई-टिकटिंग आदि पर केंद्रित होगी। हिंदी और अंग्रेजी में छपी यह पुस्तक लगभग तैयार है और जल्द ही जारी की जाएगी।
गांवों पर केंद्रित :
यूपीए सरकार की उपलब्धियों वाली पुस्तक में देश के ग्रामीण क्षेत्रों के लिए उठाए गए कदमों, जैसे-राष्ट्रीय ग्रामीण स्वास्थ्य मिशन, विद्युतीकरण, पेयजल व्यवस्था, टेलीफोन सुविधा, गांवों में आवास व सड़कों का निर्माण और राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना को खासतौर से पेश किया गया है।
गैर-यूपीए राज्य निशाने पर :
पुस्तक को खासतौर पर मध्यप्रदेश, उड़ीसा, पश्चिम बंगाल और बिहार जैसे उन राज्यों में वितरित किया जाएगा, जहां यूपीए विपक्ष में है। सरकार आम लोगों को यह बताना चाहती है कि उनके राज्य में गैर-यूपीए सरकार होने के बावजूद केंद्र ने उन्हें क्या-क्या सौगातें दीं।



0 टिप्पणियाँ:
Post a Comment