जयपुर। राजस्थान विधानसभा चुनाव में कांग्रेस सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी सरकार के शासनकाल में भ्रष्टाचार, बिगड़ती कानून व्यवस्था, दलितों, आदिवासियों, किसानों और महिलाओं पर हुए अत्याचारों, सरकारी फिजूलखर्ची, अकुशल वित्तीय प्रबंधन सहित अनेक मुद्दों के साथ जनता के बीच जाएगी।
राज्य की पूर्व उप मुख्यमंत्री कमला की अध्यक्षता में हुई राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी की चुनाव अभियान समिति की बैठक में यह निर्णय किया गया। समिति के सदस्यों ने मतदाताओं के नाम संयुक्त अपील की। इसमें कहा गया है कि पांच साल से भ्रष्ट, विफल एवं संवेदनहीन भाजपा सरकार के शासन से त्रस्त जनता इसे आगामी 4 दिसंबर को होने वाले विधानसभा चुनाव में जड़ से उखाड़ फेंके। मतदाताओं से अपील की गई है कि वह राज्य में त्वरित विकास करने वाली संवेदनशील, आमजन की भावनाओं के अनुरूप एवं सुशासन देने वाली सरकार बनाने के लिए कांग्रेस के पक्ष में मत मतदान करें।
बैठक में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डा. सी पी जोशी, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, सचिव विवेक बंसल, केंद्रीय मंत्री शीशराम ओला, केंद्रीय राज्यमंत्री नमोनारायण मीणा समेत वरिष्ठ नेता मौजूद थे।



0 टिप्पणियाँ:
Post a Comment