
बरसिंगसर (बीकानेर)/देवली (टोंक) । कांग्रेस अघ्यक्ष सोनिया गांधी ने सोमवार को दो बड़ी जनसभाएं कर राज्य में पार्टी का चुनावी शंखनाद कर दिया। हजारों लोगों की उत्साहित भीड़ को सम्बोधित करते हुए सोनिया ने परमाणु करार, रोजगार गारण्टी, किसानों के कर्जे माफ करने, कर्मचारियों के लिए छठे वेतन आयेाग को मंजूरी जैसी केन्द्र सरकार की उपलब्धियों को गिनाया और प्रदेश की भाजपा सरकार को दमनकारी बताते हुए अगले चुनाव में उखाड़ फेंकने का आह्वान कर डाला। सोनिया के आज प्रदेश के दो अलग-अलग कोनों में कार्यक्रम थे। पूर्वान्ह में उन्होंने बरसिंगसर में लिग्नाइट खान को राष्ट्र को समर्पित करने के अवसर पर आयोजित औपचारिक कार्यक्रम में लोगों को सम्ब्ाोधित किया।दोपहर बाद देवली में उनकी सभा शुद्ध रूप से राजनीतिक थी। बरसिंगसर में वे राजनीतिक भाषण से बचीं और केन्द्र की संप्रग सरकार की उपलब्धियों तक सीमित रहीं, लेकिन देवली में उन्होंने राज्य सरकार की तीखी आलोचना कर कांग्रेस के लिए वोट मांगे।दोनों स्थानों पर सभाओं में जब सोनिया गांधी पहुंची, तो वहां जमा हजारों लोगों ने तालियाें की गड़गड़ाहट व नारों से उनका स्वागत किया। कांग्रेस अघ्यक्ष ने सम्बोधन के बाद भीड़ के बीच जाकर लोगों से बात भी की।
संप्रग सरकार वादों पर खरी
बरसिंगसर में बिजलीघर के पास सभा को सम्बोधित करते हुए कांग्रेस अघ्यक्ष ने कहा कि किसी भी सरकार की परीक्षा उसके काम व संवेदनशीलता से होती है और इसमें संप्रग सरकार खरी उतरी है। कांग्रेस ने महिलाओं को पंचायतों में आरक्षण दिया, अब संसद व विधानसभा में 33 फीसदी आरक्षण के लिए संसद में विधेयक पेश किया जा चुका है।राजस्थान के लोगों ने गरीबी व बेरोजगारी से खूब संघर्ष किया है, इसलिए केन्द्र सरकार ने 100 दिन का रोजगार देने का कार्यक्रम शुरू किया। उन्होंने कहा कि 65000 करोड़ के कर्ज माफ होने से देश के चार करोड़ से अधिक किसानों को नई जिंदगी मिलेगी।
"राजीव का सपना पूरा"
रमाणु करार का जिक्र करते हुए सोनिया ने कहा कि इससे देश में बढ़ती ऊर्जा की मांग की पूर्ति होगी और कृषि, उद्योग के साथ देश की जनता को फायदा होगा। उन्होंने कहा कि राजीव गांधी ने 1989 में बरसिंगसर में बिजलीघर का जो सपना देखा था, वह अब पूरा होने जा रहा है। दिसम्बर में पहली इकाई से उत्पादन शुरू हो जाएगा और 12 जिलों को बिजली मिलेगी। संप्रग सरकार इसका विस्तार कर इसे 1000 मेगावाट का बिजलीघर बनाएगी।
कांग्रेस को बहुमत से जिताएं
देवली में कांग्रेस अघ्यक्ष ने केन्द्र सरकार के किसानों से लेकर कर्मचारियों और आदिवासियों से लेकर महिलाओं तक के लिए किए गए कार्योü को गिनाया, तो राज्य की भाजपा सरकार की नीतियो को दमनकारी बताया। निकटवर्ती चार जिलों की भीड़ से खचाखच भरे दशहरा मैदान में गांघी ने लोगों का आह्वान किया वे आगामी विघानसभा चुनावों में भाजपा के कुशासन को उखाड़ फेंके तथा कांग्रेस को बहुमत से जिताएं।
केन्द्रीय धन के दुरूपयोग का आरोप
सोनिया गांघी ने आरोप लगाया कि केन्द्र सरकार आम आदमी को राहत देने के लिए राज्य को हजारों करोड़ रूपए दे रही है, लेकिन इस पैसे का सही उपयोग नहीं किए जाने की शिकायतें मिल रही हैं। राज्य सरकार केन्द्र के दिए पैसे पर स्वयं वाहवाही लूट रही है। अब वक्त आ गया है कि जनता इसकी खुद जांच करें तथा आगामी चुनाव में इसका फैसला करे।
चौधरी हुए नाराज
देवली में सभा के दौरान कांग्रेस के प्रदेश चुनाव समन्वयक चौधरी वीरेन्द्र सिंह किसी बात पर नाराज हो कर मंच से उतर आए। कुछ देर बाद सोनिया का घ्यान इस ओर गया, तो उन्होंने प्रदेश अघ्यक्ष डॉ। सी.पी.जोशी और राष्ट्रीय महासचिव मुकुल वासनिक को उन्हें लेने भेजा।
घोषणाओं का इन्तजार ही करती रह गई जनता
लोगों को सोनिया के भाषण में टोंक को रेलवे लाइन से जोड़े जाने की घोषणा की उम्मीद थी। प्रदेश अघ्यक्ष डॉ। सी.पी. जोशी ने अपने भाषण में कहा भी था कि सोनिया के आने से यहां के लोगों की बीसलपुर के पानी और रेलवे लाइन की आशा पूरी होगी।
गुर्जरों को रिझाने की कोशिश
गुर्जर बहुल देवली की सभा में सोनिया ने अपने भाषण में न सिर्फ गुर्जर आंदोलन का जिक्र किया, बल्कि सांसद सचिन पायलट का भाषण अपने सामने कराया। सचिन का भाषण बहुत जोशीला रहा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को सवा सौ साल पुरानी पार्टी बताने वाले जान जाएं कि इसके बेटे जवान हैं और राहुल गांधी के नेतृत्व में देश की तस्वीर बदल देंगे।
परमाणु डील से राजस्थान को काफी फायदा
बरसिंगसर। कोयला राज्यमंत्री संतोष बागड़ोदिया ने परमाणु करार पर कहा कि इससे राजस्थान को काफी फायदा होगा। करार के बाद सबसे ज्यादा परमाणु बिजलीघर राजस्थान में लगेंगे। बरसिंगसर में 1000 मेगावाट के बिजलीघर पर 8000 करोड़ खर्च होंगे तथा रोजगार भी मिलेगा।


